महाकुंभ 2025: संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
प्रयागराज: महाकुंभ 2025 के पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , सोमवार सुबह 11 बजे प्रयागराज पहुंचेंगी। वे त्रिवेणी संगम में गंगा स्नान कर आस्था की डुबकी लगाएंगी। इसके बाद राष्ट्रपति अक्षयवट और बड़े हनुमान जी के दर्शन करेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना
हर 12 साल में होने वाले कुंभ मेले में इस बार 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इस महाकुंभ को खास बनाने वाला एक ऐतिहासिक संयोग यह है कि अब तक 12 कुंभ पूरे हो चुके हैं, जिससे इसे ‘महाकुंभ’ का नाम दिया गया है। इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यूपी सरकार ने हाईटेक तकनीकों का उपयोग किया है। श्रद्धालुओं की गिनती के लिए AI बेस्ड कैमरे लगाए गए हैं, जो भीड़ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
अब तक कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने किया स्नान
महाकुंभ 2025 में अब तक कई प्रमुख हस्तियां संगम में आस्था की डुबकी लगा चुकी हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, अभिनेता और सांसद रवि किशन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनका पूरा मंत्रिमंडल, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, प्रख्यात कवि कुमार विश्वास सहित 73 देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल हैं। इसके अलावा भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, बिहार के राज्यपाल मोहम्मद आरीफ खान, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस पावन अवसर पर गंगा स्नान कर चुके हैं।
महाकुंभ 2025 आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम बना हुआ है, जहां दुनिया भर से श्रद्धालु संगम में पुण्य लाभ लेने के लिए उमड़ रहे हैं।