ICC को मिला नया मुखिया: संजोग गुप्ता बने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के नए CEO, भारत का दबदबा और मजबूत
दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को उसका नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मिल गया है। भारतीय खेल प्रसारण जगत के दिग्गज संजोग गुप्ता को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जियोस्टार (JioStar) के CEO रहे गुप्ता ने सोमवार को आधिकारिक रूप से ICC के सातवें CEO के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
संजोग गुप्ता की नियुक्ति जय शाह की अध्यक्षता वाली ICC बोर्ड की सिफारिश पर हुई है। वह ऑस्ट्रेलिया के ज्योफ एलार्डिस की जगह लेंगे, जिन्होंने निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
चयन प्रक्रिया और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा
इस पद के लिए ICC को 25 देशों से 2500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 12 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इन नामों को नामांकन समिति को सौंपा गया जिसमें शामिल थे:
- इमरान ख्वाजा (ICC उपाध्यक्ष)
- रिचर्ड थॉम्पसन (ECB अध्यक्ष)
- शम्मी सिल्वा (श्रीलंका क्रिकेट अध्यक्ष)
- देवजीत सैकिया (BCCI सचिव)
समिति की सिफारिश पर जय शाह ने गुप्ता की नियुक्ति पर अंतिम मुहर लगाई।
गुप्ता का करियर और उपलब्धियाँ
- पत्रकारिता से करियर की शुरुआत
- 2010 में स्टार इंडिया (अब जियोस्टार) से जुड़े
- 2020 में डिज्नी+हॉटस्टार व स्टार स्पोर्ट्स के हेड बने
- 2024 में वायाकॉम18 और डिज्नी स्टार के विलय के बाद बने JioStar के CEO
गुप्ता ने प्रो कबड्डी लीग, इंडियन सुपर लीग (ISL), विंबलडन और प्रीमियर लीग जैसे ग्लोबल इवेंट्स को भारत में लोकप्रिय बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई। ICC ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “संजोग गुप्ता भारत और दुनिया भर में खेल प्रसारण में क्रांति लाने वाले व्यक्तियों में से एक हैं।”
ICC चेयरमैन जय शाह का बयान
जय शाह ने गुप्ता की तारीफ करते हुए कहा,
“संजोग के पास खेल रणनीति और व्यावसायीकरण का गहरा अनुभव है, जो ICC को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
इतिहास में अब तक के ICC CEO:
- डेविड रिचर्ड्स (ऑस्ट्रेलिया)
- मैल्कम स्पीड (ऑस्ट्रेलिया)
- हारून लोर्गट (दक्षिण अफ्रीका)
- डेविड रिचर्डसन (दक्षिण अफ्रीका)
- मनु साहनी (भारत में जन्मे)
- ज्योफ एलार्डिस (ऑस्ट्रेलिया)
- अब संजोग गुप्ता (भारत)
सोना हुआ सस्ता! 10 ग्राम पर 550 रुपये की गिरावट, जानें क्या है वजह
संजोग गुप्ता की नियुक्ति ICC में भारत के बढ़ते प्रभुत्व को दर्शाती है। उनके नेतृत्व में क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह ICC की व्यावसायिक रणनीतियों और टूर्नामेंट्स के संचालन में क्या नए प्रयोग करते हैं।