बजट 2025: कैंसर मरीजों को राहत, 36 गंभीर बीमारियों की दवाएं टैक्स फ्री
नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 पेश करते हुए स्वास्थ्य, कृषि और स्टार्टअप्स के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने देश के सभी जिला अस्पतालों में कैंसर सेंटर खोलने का ऐलान किया है। साथ ही 36 गंभीर बीमारियों की दवाओं को पूरी तरह से टैक्स फ्री कर दिया गया है, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट का फोकस ‘GYAN’ (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति) पर रहेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने बहुआयामी विकास किया है और आगे भी आर्थिक सुधारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
किसानों और स्टार्टअप्स को मिली सौगात
वित्त मंत्री ने किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी है, जिससे किसानों को सस्ती दरों पर कर्ज मिल सकेगा। साथ ही बिहार में मखाना बोर्ड बनाने की घोषणा की गई है।
स्टार्टअप्स को भी बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 10,000 करोड़ रुपये के नए फंड की घोषणा की है। इसके अलावा, एमएसएमई के लिए लोन की सीमा 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी गई है।
बजट 2025 की बड़ी घोषणाएं:
✅ स्वास्थ्य क्षेत्र:
- देश के सभी जिला अस्पतालों में कैंसर सेंटर खोले जाएंगे।
- 36 गंभीर बीमारियों की दवाएं टैक्स फ्री की गईं।
- सभी सरकारी अस्पतालों में डे-केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
✅ कृषि और ग्रामीण विकास:
- किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 5 लाख रुपये तक बढ़ी।
- दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन शुरू किया जाएगा।
- बिहार में मखाना बोर्ड का गठन किया जाएगा।
- कपास उत्पादन और मार्केटिंग पर सरकार का विशेष फोकस रहेगा।
✅ रोजगार और व्यापार:
- एमएसएमई लोन की सीमा 10 करोड़ रुपये तक बढ़ी।
- लेदर स्कीम से 22 लाख नए रोजगार सृजित होंगे।
- भारत को खिलौना हब बनाने के लिए राष्ट्रीय योजना लागू होगी।
✅ अन्य घोषणाएं:
- असम के नामरूप में यूरिया प्लांट स्थापित किया जाएगा।
- मछुआरों के लिए स्पेशल इकोनॉमी योजना लाई जाएगी।
- शहरी विकास, टैक्स सुधार और ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट के जरिए सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। बजट 2025 से मध्यम वर्ग, किसान और व्यापारी वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूती मिलने की उम्मीद है।