मौसम का कहर: हिमाचल में बादल फटा, ब्यास नदी उफान पर, कई राज्यों में रेड अलर्ट, लैंडस्लाइड और बाढ़ से जन-जीवन प्रभावित
नई दिल्ली। देश भर में मानसून ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है। खासकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन (Landslide) और बादल फटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हिमाचल प्रदेश: मंडी में बादल फटने से तबाही, 285 सड़कें बंद, 34 की मौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बीती रात चार स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है और राज्य में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है।
- राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, राज्य में 285 सड़कें बंद हैं, जिनमें मंडी की 129 और सिरमौर की 92 सड़कें शामिल हैं।
- इसके अलावा 614 ट्रांसफॉर्मर और 130 पेयजल योजनाएं भी बाधित हुई हैं।
- ब्यास नदी उफान पर है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका गहरा गई है।
उत्तराखंड: बद्रीनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड, 13 जिलों में अलर्ट
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग पर सतपुली के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है।
- मौसम विभाग ने राज्य के सभी 13 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है और लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के लिए भी भारी बारिश और बाढ़ का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बिहार में 16 जिलों के लिए चेतावनी, सीवान में रिकॉर्ड वर्षा
बिहार में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
- 16 जिलों के लिए चेतावनी, जिसमें 13 जिलों में ऑरेंज और 3 में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- सीवान में सोमवार को 115.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अब तक सबसे ज्यादा है।
4 दिन से लापता प्रेमी युगल की संदिग्ध मौत, राजनांदगांव में सनसनी…आत्महत्या या हत्या?
राजस्थान में सामान्य से दोगुनी बारिश
राजस्थान में 1 से 29 जून तक सामान्य औसत 50.7 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 119.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
- IMD ने सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है और आगे भी भारी वर्षा की संभावना जताई है।
IMD की अपील: सतर्क रहें, नदियों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें
मौसम विभाग ने सभी राज्यों के निवासियों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। पहाड़ी इलाकों में यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।