महतारी वंदन योजना से 70 हजार महिलाओं के नाम हुए बाहर, सामने आई बड़ी वजह — जानें पूरी सूची और अपडेट

Raipur| छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना के तहत अब तक कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं का पंजीयन हुआ था। लेकिन हालिया जांच के बाद करीब 70 हजार महिलाओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जिसके बाद अब कुल 69 लाख 63 हजार 621 महिलाओं को ही योजना का लाभ मिल रहा है।
क्यों कटे इतने नाम?
राज्य सरकार द्वारा की गई जांच में यह सामने आया कि पंजीयन के दौरान कई महिलाओं के दो-दो नाम दर्ज हो गए थे। इसके अलावा कुछ महिलाओं के आधार कार्ड इनएक्टिव पाए गए। विशेष रूप से ऐसे आधार कार्ड जिनका उपयोग पिछले 10 वर्षों में नहीं हुआ, उन्हें सिस्टम ने इनएक्टिव दिखाया। नतीजतन, इन महिलाओं को योजना से फिलहाल बाहर कर दिया गया है।
दोहरा पंजीयन बना बड़ी वजह
पंजीयन के समय कुछ महिलाओं ने ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ ऑफलाइन आवेदन भी आंगनबाड़ी केंद्रों में जमा कर दिए थे। जब इन दोनों को सुपरवाइजर द्वारा मंजूरी मिल गई, तब एक ही महिला के दो अलग-अलग पंजीयन दर्ज हो गए। प्रारंभिक चरण में सभी को लाभ दिया गया, लेकिन बाद में आई शिकायतों और तकनीकी जांच में यह गलती उजागर हुई। ऐसे मामलों में एक नाम को हटाकर सूची को दुरुस्त किया गया है।
दोबारा शुरू होगा पोर्टल
राज्य सरकार अब शीघ्र ही उन महिलाओं के लिए पोर्टल खोलने की तैयारी में है, जिनकी उम्र 21 वर्ष से अधिक है और वे विवाहित हैं। इन पात्र महिलाओं को योजना में फिर से शामिल किया जाएगा, बशर्ते उनका आधार कार्ड सक्रिय हो।
जिलेवार आंकड़े – कहां कितनी महिलाएं लाभान्वित?
- रायपुर: 5 लाख 29 हजार से अधिक
- बिलासपुर: 4 लाख 21 हजार
- दुर्ग: 4 लाख से अधिक
- बलौदाबाजार: 3 लाख 26 हजार
- महासमुंद: 3 लाख 21 हजार
- कोरबा: 2 लाख 92 हजार
- जांजगीर-चांपा: 2 लाख 87 हजार
- रायगढ़: 3 लाख से अधिक
- राजनांदगांव: 2 लाख 55 हजार
- कबीरधाम: 2 लाख 52 हजार
CM साय की पीएम से बड़ी मांग: 49 हजार करोड़ की दो परियोजनाओं पर केंद्र की मुहर की तैयारी!
भाजपा का चुनावी वादा, अब हकीकत में बदल रहा
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भाजपा ने महिलाओं को हर माह ₹1000 देने का वादा किया था। सत्ता में आने के बाद यह योजना लागू कर दी गई और अब लाखों महिलाएं हर महीने इसका लाभ प्राप्त कर रही हैं।