मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया मुंगेली प्रेस क्लब और स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली का उद्घाटन
मुंगेली, छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिला मुख्यालय में दो प्रमुख योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने पहले मुंगेली प्रेस क्लब का लोकार्पण किया और इसके बाद स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 33.15 लाख रुपये की लागत से विकसित अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क और उन्नत पुलिस कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया।
इस नई प्रणाली के अंतर्गत शहर के 17 प्रमुख चौक-चौराहों पर कुल 62 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को एक केंद्रीकृत पुलिस कंट्रोल रूम से रियल-टाइम में मॉनिटर किया जाएगा, जिससे त्वरित, प्रभावी और सटीक कार्रवाई संभव हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि, “यह प्रणाली केवल निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को भी सुदृढ़ करेगी। स्मार्ट टेक्नोलॉजी सुशासन की रीढ़ बनेगी।”
इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर कुन्दन कुमार, और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यह पहल मुंगेली को एक स्मार्ट और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।