छत्तीसगढ़ में आज मल्लिकार्जुन खरगे की बड़ी एंट्री: कांग्रेस में भरेंगे नई ऊर्जा, एकजुटता का संदेश
रायपुर: विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज पहली बड़ी जनसभा करने जा रहे हैं। इस अवसर पर साइंस कॉलेज मैदान में तीन वाटरप्रूफ डोम लगाए गए हैं। इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा खुद प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने रविवार को लिया।
भीड़ जुटाना चुनौती, लेकिन संदेश होगा बड़ा
बारिश और खेती-किसानी के मौसम के बीच भीड़ जुटाना कांग्रेस के लिए चुनौती है, लेकिन पार्टी इस कार्यक्रम को संगठन में जान फूंकने और गुटबाजी की अफवाहों को खत्म करने के अवसर के रूप में देख रही है। सभी दिग्गज नेताओं को मंच पर लाकर पार्टी एकजुटता का स्पष्ट संदेश देना चाहती है।
संगठन को मिलेगा रिचार्ज, नए टास्क होंगे तय
जनसभा के बाद खरगे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक लेंगे। इसमें वे नेताओं के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे और आने वाले दिनों की रणनीति तय करेंगे। पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश और अहम टास्क दिए जाएंगे।
आदिवासी मुद्दा उठेगा राष्ट्रीय मंच पर
सभा के बाद मल्लिकार्जुन खरगे से कई प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेंगे। बस्तर में कथित फर्जी मुठभेड़ में मारे गए आदिवासियों के परिजन भी कांग्रेस अध्यक्ष से मिलेंगे। कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर जोर-शोर से उठाने की तैयारी कर रही है।
नई नियुक्तियों के संकेत संभव
खरगे की बैठक के दौरान जिला अध्यक्षों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ संवाद होगा। माना जा रहा है कि वे प्रदेश संगठन में संभावित बदलावों और नई नियुक्तियों के संकेत भी दे सकते हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे का यह दौरा केवल जनसभा भर नहीं, बल्कि कांग्रेस के अंदर नई ऊर्जा भरने, एकजुटता दिखाने और आगामी राजनीतिक लड़ाई की नींव रखने का प्रयास माना जा रहा है।