महिला समूह की सदस्य निकली शातिर जालसाज, कई महिलाओं के नाम से लोन लेकर फरार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिला समूह के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोपी महिला ने कई महिलाओं के नाम पर लोन लेकर रकम खुद रख ली और किस्तें जमा नहीं कीं। पीड़ित महिलाओं को तब इसका पता चला जब बैंक से उन्हें डिमांड नोटिस मिला। शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
60 महिलाओं को जोड़ा, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भाठापारा जोरा निवासी सरस्वती कुर्रे की पड़ोसी लालिमा मैथ्यू ने ‘कृषक नगर जोरा महिला समूह’ नाम से एक स्वयं सहायता समूह बनाया। इस समूह में करीब 60 महिलाओं को जोड़ा गया। लालिमा महिलाओं को भरोसे में लेकर भारत फाइनेंस बैंक से लोन दिलवाने का काम करती थी।
सरस्वती ने पहले सात लोन समय पर चुकाए, जिससे उसे बैंक की ओर से आठवां लोन भी स्वीकृत हुआ। लेकिन इस लोन की राशि 58,640 रुपए सरस्वती ने नहीं ली, बल्कि लालिमा ने ले ली। इसके अलावा 70,780 रुपए का एक और लोन भी उसी ने निकाल लिया।
लाखों की रकम हड़पी
इसी तरह अन्य महिलाओं के नाम पर भी लोन लेकर लालिमा ने धोखाधड़ी की।
- बुंदा यादव के नाम पर 93,294 रुपए
- किरण धृतलहरे के नाम पर 1,12,410 रुपए
- रजनी सोना के नाम पर 98,641 रुपए
- जानकी सोना के नाम पर 32,920 रुपए
इन सभी लोन की राशि खुद लालिमा ने रख ली और कोई भी किस्त जमा नहीं की।
Temple Dress Code लागू: मंदिरों में अब बिना पारंपरिक कपड़ों के नहीं मिलेंगे भगवान के दर्शन
बैंक के नोटिस से खुली पोल
जब बैंक ने किस्त जमा न होने पर महिलाओं को डिमांड नोटिस भेजा, तब उन्हें पता चला कि उनके नाम पर फर्जी तरीके से लोन ले लिए गए हैं। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी लालिमा मैथ्यू के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य पीड़ितों की पहचान भी की जा रही है।