सावन के सोमवार को नहीं बिकेगा मांस-मछली! सर्वसम्मति से लिया गया बड़ा फैसला
Rajim Sawan 2025 Update: छत्तीसगढ़ की धार्मिक नगरी राजिम में इस बार सावन महीने के प्रत्येक सोमवार को मटन, चिकन, मछली, अंडा और एग रोल की सभी दुकानें बंद रहेंगी। यह फैसला स्थानीय नगर पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जिसमें मांस और मछली व्यापारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
11 जुलाई से 9 अगस्त तक रहेगा सावन माह
इस वर्ष सावन 2025 की शुरुआत 11 जुलाई से हो रही है और यह 9 अगस्त तक चलेगा। सावन हिंदू धर्म में भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित अत्यंत पवित्र महीना माना जाता है। इसी धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
नगर पंचायत की बैठक में हुआ ऐलान
गुरुवार को राजिम नगर पंचायत में अध्यक्ष महेश यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पार्षदगण और मांस-मछली बेचने वाले व्यापारी भी शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याएं जानना और नगर विकास में उनके योगदान को सुनिश्चित करना था। अध्यक्ष यादव ने कहा, “राजिम को साफ, सुंदर और अनुशासित शहर बनाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।”
बड़ा ऐलान: हर गांव में पहुंचेगा नेटवर्क! प्रदेश में लगेंगे 5000 मोबाइल टावर
व्यापारियों ने फैसले का किया स्वागत
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि सावन के सभी सोमवार को स्वेच्छा से मटन, मछली, चिकन, अंडा और उससे संबंधित खाद्य दुकानों को बंद रखा जाएगा। यह फैसला धर्मनगरी राजिम की धार्मिक आस्था और संस्कृति के सम्मान में लिया गया है। व्यापारियों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए पूर्ण सहयोग का वादा किया।